गिरिडीह: जिला उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती लगातार बढ़ाई जा रही है. इसी कड़ी में पचंबा थाना के समीप जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई.
दो पहिया और चार पहिया वाहनों की गहन जांच
अभियान के दौरान दो पहिया और चार पहिया वाहनों की गहन जांच की गई. जिला परिवहन पदाधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा, हेलमेट और सीट बेल्ट सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच कराई. इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने और जरूरी कागजात साथ नहीं रखने वाले चालकों को सख्त चेतावनी दी गई तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई.
नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने स्पष्ट कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. उन्होंने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, सभी वैध कागजात साथ रखें तथा ओवरलोडिंग और तेज गति से वाहन चलाने से बचें.
साथ ही यह भी बताया गया कि जिले के विभिन्न स्थानों पर ऐसे जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रही और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया. जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है, कि वे यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और व्यवस्थित सड़क व्यवस्था बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.
