गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई नगर थाना कांड संख्या 56/26 के तहत की गई है. मामला मृतका साजिया प्रवीण (33 वर्ष) की मौत से जुड़ा है, जिनकी शादी करीब 13 वर्ष पूर्व मछली मोहल्ला निवासी उमर अख्तर उर्फ सोनू अंसारी के साथ हुई थी.
शादी के बाद से प्रताड़ना, हालात हुए गंभीर
मृतका के भाई अशरफ अंसारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शादी के बाद से ही साजिया प्रवीण को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. आरोप है कि पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई. 11 मार्च को साजिया प्रवीण की हत्या कर शव को घर में फांसी पर लटका देने का आरोप लगाते हुए कुल 12 लोगों को नामजद किया गया था. अनुसंधान और वरीय पदाधिकारियों के पर्यवेक्षण में जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतका को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया था.
देवघर और गिरिडीह में छापेमारी, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा 4 और 5 अप्रैल की रात देवघर जिले के मधुपुर और बुढ़ई थाना क्षेत्र सहित गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान तीन प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार अभियुक्तों में सन्नी अंसारी उर्फ इमरान अख्तर, चांद अंसारी उर्फ पोदिना (दोनों मछली मोहल्ला निवासी) तथा वशीम अंसारी उर्फ टिपू (पटवाबाद, मधुपुर निवासी) शामिल हैं. तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
ALSO READ: गिरिडीह में सख्त दिखीं मेयर प्रमिला मेहरा, निगम अधिकारियों को दिए जनसेवा तेज करने के निर्देश
अन्य मामले में भी वांछित आरोपी गिरफ्तार
इधर नगर थाना कांड संख्या 79/26 के तहत दर्ज एक अन्य मामले में भी पुलिस को सफलता मिली है. कुरैशी मोहल्ला निवासी मो. रिजु के लिखित आवेदन पर दर्ज इस मामले में हीरा कुरैशी और बाबु कुरैशी को अभियुक्त बनाया गया था.
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से नगर थाना कांड संख्या 04/26 और 62/26 भी दर्ज हैं, जिनमें वे लंबे समय से वांछित चल रहे थे. पुलिस ने छापेमारी कर बाबु कुरैशी (कुरैशी मोहल्ला निवासी) को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित सभी मामलों में न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार शेष वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. इस पूरी कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआई उपेंद्र कुमार दास, एसआई संजय नायक, एएसआई फागुनाथ सोरेन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
