गिरिडीह: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर रविवार को झंडा मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. सुबह से ही परिसर में मतदान कर्मियों की चहल-पहल देखने को मिली और प्रशासनिक तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त नजर आईं.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (नगरपालिका) रामनिवास यादव स्वयं डिस्पैच सेंटर पहुंचे और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने सामग्री वितरण काउंटर, वाहन कोषांग, नियंत्रण कक्ष तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
आवश्यक सामग्री क्रमवार उपलब्ध कराई गई
निर्धारित काउंटरों पर मतदान दलों को मतपत्र, मतपेटी, मतदाता पंजी, सील, प्रपत्र सहित अन्य आवश्यक सामग्री क्रमवार उपलब्ध कराई गई. कर्मियों को सामग्री प्राप्ति के बाद उसकी सावधानीपूर्वक जांच करने तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में तत्काल संबंधित कोषांग को सूचित करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी मतदान दलों को समय पर मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त वाहन व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती और संचार प्रणाली को सुदृढ़ रखा गया है. संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया है.
मतदान कर्मियों को निर्देश
उन्होंने मतदान कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. निष्पक्षता, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें.
निर्धारित समयानुसार सभी मतदान दल अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए. पूरे आयोजन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था सुव्यवस्थित और अनुशासित दिखाई दी.

