पलामू: झारखंड में धान खरीद के मुद्दे पर सरकार को विपक्ष के निशाने पर आना पड़ रहा है. भाजपा नेता सह पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह और भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने हुसैनाबाद में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से धान की खरीद तो की है, लेकिन अब तक उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया गया है. इसके कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने की बात कही थी, लेकिन अब तक केवल लगभग 50 प्रतिशत धान ही खरीदा जा सका है.
भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार की जटिल प्रक्रिया और भुगतान में देरी के कारण किसानों को परेशानी हो रही है. मजबूरी में किसान अपना बाकी धान बिचौलियों को बेचने पर मजबूर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने एकमुश्त भुगतान का वादा किया था, लेकिन अब तक किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है.
नेताओं ने सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर किसानों का धान पूरी तरह नहीं खरीदा गया और भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा.
