सिमडेगा: जिले के केरसई प्रखंड अंतर्गत बासेन गुझरिया गांव में नवनिर्मित हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया. इस धार्मिक आयोजन में गांव के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
गिरमा नदी से शुरू हुई यात्रा
कलश यात्रा गिरमा नदी से जल भरकर प्रारंभ हुई, जहां से श्रद्धालु पूरे गांव का भ्रमण करते हुए मंदिर स्थल तक पहुंचे.
भक्ति में डूबा माहौल
इस दौरान महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. पूरे मार्ग में “जय श्री राम”, “हर हर महादेव” और “बजरंगबली की जय” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया. कलश यात्रा ने गांव में धार्मिक उत्साह और एकता का संदेश दिया.
यजमान और पुजारियों की भूमिका
इस आयोजन के यजमान के रूप में चुन्नू मेहर सपत्निक एवं सीताराम मेहर सपत्नीक उपस्थित रहे. वहीं पूजा-अर्चना का संचालन पुजारी ऋषिकेश पंडा एवं देवाशीष पंडा द्वारा विधिवत रूप से किया गया.
आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा
सोमवार को अधिवास के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ. आयोजन समिति के अनुसार मंगलवार को अन्नाधिवास, फलाधिवास, जलाधिवास एवं अखंड हरी कीर्तन की शुरुआत की जाएगी. इसके बाद बुधवार को विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का समापन किया जाएगा.
