Gumla: जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल करते हुए सीलम बायपास पर जागरूकता सह वाहन जांच अभियान चलाया. उपायुक्त श्रीमती प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में जिला परिवहन विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का नेतृत्व डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने किया. इसका उद्देश्य चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना रहा.

नियमों की अनदेखी पर ₹5.05 लाख जुर्माना
अभियान के दौरान बाईपास मार्ग पर सघन जांच करते हुए छोटी-छोटी कमियों पर विशेष ध्यान दिया गया, जो अक्सर बड़े हादसों का कारण बनती हैं. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से कुल ₹5,05,000 का जुर्माना वसूला गया.
ALSO READ: अवैध वसूली नहीं देने पर अबुआ आवास तोड़े जाने का आरोप, जांच में जुटी झामुमो कमिटी
मॉडिफाइड साइलेंसर और ओवरलोडिंग पर सख्ती
जांच के दौरान कई दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए, जिन्हें मौके पर ही बदलवाया गया. डीटीओ ने युवाओं को समझाया कि असली ‘स्वैग’ सुरक्षित ड्राइविंग में है. वहीं भारी वाहनों के चालकों को ओवरलोडिंग से बचने की सलाह दी गई, क्योंकि इससे सड़क और वाहन दोनों की सुरक्षा प्रभावित होती है.

कागजातों की जांच और जागरूकता पर जोर
वाहन चालकों को वैध बीमा, फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस रखने के महत्व के बारे में बताया गया. जिनके पास दस्तावेजों की कमी थी, उन्हें भविष्य के लिए जागरूक किया गया.
“हमारा लक्ष्य आपकी सलामती है” : डीटीओ
अभियान के दौरान डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने कहा, “प्रशासन का उद्देश्य आपको परेशान करना नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है. हम चाहते हैं कि आप सुरक्षित घर लौटें. यातायात नियम हमारे बंधन नहीं, बल्कि सुरक्षा कवच हैं.”

समाज की सहभागिता पर जोर
प्रशासन की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की. जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने से रोकें और हेलमेट के साथ सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करें.
