गुमला: जिले में रामनवमी के उल्लास के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. शुक्रवार की रात सदर थाना क्षेत्र के बड़ाइक मोहल्ला में जुलूस के दौरान हुई इस वारदात में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जब शहर में रामनवमी का जुलूस निकाला जा रहा था, उसी दौरान बड़ाइक मोहल्ला के पास कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई.इसी गहमागहमी के बीच एक युवक ने दूसरे युवक पर धारदार चाकू से हमला कर दिया.हमलावर ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने युवक की स्थिति को काफी गंभीर पाया. पेट में गहरा घाव होने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है. फिलहाल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है.वारदात की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस सक्रिय हो गई है और मामले की जांच में जुट गई है.

