Gumla: गुमला में विगत दिनों सोशल मीडिया पर बच्चों की गुमशुदगी, चोरी अथवा अपहरण से संबंधित विभिन्न प्रकार की खबरें तेजी से प्रसारित हो रही हैं, जिससे आमलोगों के बीच भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. प्रशासनिक जांच में ऐसी अधिकांश सूचनाएं भ्रामक एवं अफवाह साबित हुई हैं. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इस प्रकार की सूचनाओं पर बिना सत्यता जाने विश्वास न करें. किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है. साथ ही, ऐसी अफवाहों के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ मारपीट, प्रताड़ना अथवा किसी भी प्रकार की भीड़ हिंसा करना भी कानूनन अपराध है.

पुलिस को सूचना देने की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील है कि यदि किसी प्रकार की कोई भी सूचना या संदिग्ध मामला प्रकाश में आता है, तो इसकी जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को दें. अथवा आपातकालीन स्थिति में 112 पर कॉल करें. इसके अतिरिक्त जिला नियंत्रण कक्ष, गुमला के दूरभाष संख्या 9798148089 पर भी सूचना दी जा सकती है.
अफवाह से बिगड़ता है समाज का माहौल : डीसी
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गुमला द्वारा जिले के विभिन्न चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि अफवाहों पर रोक लगाई जा सके. जिले में शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाया जा सके. डीसी प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि सामाजिक सहयोग से ही इस प्रकार की अफवाहों पर पूरी तरह से काबू पाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को इस तरह की अफवाह फैलाने वाले पर सख्ती से नजर रखने का निर्देश दिया गया है. अफवाह से समाज का माहौल बिगड़ता है. ऐसे में एक जागरूक नागरिक बनकर इस तरह की गतिविधि में कभी शामिल ना हों. साथ ही अगर आपको इस तरह की किसी भी बात की कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीक के पुलिस से संपर्क स्थापित कर इसकी सूचना दें. जिला प्रशासन पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रहा है. डीसी प्रेरणा दीक्षित ने आम लोगो से जागरूक और समझदार नागरिक बनने की अपील की है.

