गुमला जिला प्रशासन का बड़ा कदम, स्कूल रुआर 2026 से बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन लक्ष्य

गुमला: “हर बच्चा स्कूल में” के संकल्प के साथ गुमला जिला प्रशासन स्कूल रुआर 2026 अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ चला...

Student going to school illustration

गुमला: “हर बच्चा स्कूल में” के संकल्प के साथ गुमला जिला प्रशासन स्कूल रुआर 2026 अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ चला रहा है. इस अभियान का उद्देश्य 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का 100 प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे.

ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर दोबारा जोड़ा जाएगा

अभियान के तहत खास तौर पर ड्रॉपआउट और अनामांकित बच्चों पर ध्यान दिया जाएगा. डोर-टू-डोर सर्वे के जरिए ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें फिर से स्कूल से जोड़ना प्राथमिकता होगी.

सभी विभागों और समाज की भागीदारी जरूरी

यह अभियान सिर्फ शिक्षा विभाग तक सीमित नहीं है. इसमें आंगनबाड़ी सेवाएं, पंचायत प्रतिनिधि, NGOs और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है. सामूहिक प्रयास से ही 100 प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा.

15 से 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष नामांकन अभियान

विद्यालयों को केंद्र में रखकर 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नामांकन अभियान, प्रभात फेरी, अभिभावक संपर्क और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. अभियान की निगरानी के लिए जिला और प्रखंड स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकें होंगी और e-विद्यावाहिनी पोर्टल पर डेटा अपडेट किया जाएगा.

प्रवासी और विशेष बच्चों पर भी रहेगा फोकस

प्रवासी, दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के नामांकन और उपस्थिति को प्राथमिकता दी जाएगी. अभिभावकों से सीधा संवाद कर उन्हें बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

ALSO READ:NPS सब्सक्राइबर्स के लिए बड़ी राहत, अब इलाज के लिए निकाल सकेंगे 25% फंड

11 और 13 अप्रैल को होंगी कार्यशालाएं

अभियान की शुरुआत के लिए 11 अप्रैल 2026 को जिला स्तरीय और 13 अप्रैल 2026 को प्रखंड स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी. इसके बाद 15 से 30 अप्रैल तक अभियान को स्कूल स्तर पर व्यापक रूप से लागू किया जाएगा.

जन-आंदोलन बनाने की अपील

प्रशासन ने सभी अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के लोगों से अपील की है कि इस अभियान को जन-आंदोलन बनाएं, ताकि गुमला जिले में “हर बच्चा स्कूल में” का लक्ष्य पूरा हो सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *