Gumla: झारखंड शिक्षा परियोजना, गुमला के तत्वावधान में नगर भवन, गुमला में जिलास्तरीय “स्कूल रूआर 2026 (Back to School Campaign)” कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया. स्कूल रूआर कार्यक्रम की शुरूआत दीप जलाकर किया गया. वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गुमला की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. मौके पर उप विकास आयुक्त ने कहा- “हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें.”
यह भी पढ़ें : स्टडी लीव पर सरकार की सख्ती: अब नौकरी के दौरान सिर्फ एक बार मिलेगी उच्च पद की परीक्षा की अनुमति
जिला शिक्षा अधीक्षक ने दी अहम जानकारी
वहीं जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां ने विषय प्रवेश कराते हुए प्रखंड, संकुल एवं विद्यालयों के स्तर पर कार्यों की विस्तृत जानकारी दी. जबकि फील्ड मैनेजर रामचंद्र सिंह ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की. कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन ओमप्रकाश दास ने किया. आज की जिला स्तरीय कार्यशाला में प्रशिक्षण प्राप्त बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी द्वारा 13 अप्रैल को प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन होगा. प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन होगा, जिसमें सभी विद्यालय के प्रधान शिक्षक, सभी जनप्रतिनिधि, प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी सहित गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे. कार्यशाला में एपीओ रोज मिंज, शुभकामना प्रसाद, लेखा पदाधिकारी श्रीमाधुरी मिंज, लेखापाल सुफिया खान, स्टेनो रीमा रानी गुप्ता, ऑपरेटर शशि कपूर सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों की सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही.

“स्कूल रूआर 2026” अभियान के मुख्य बिंदु
- “हर बच्चा स्कूल में” के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है. 5–18 आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे.
- ड्रॉपआउट एवं अनामांकित बच्चों की पहचान करने के लिए डोर-टू-डोर सर्वे कराया जाएगा. उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
- अभियान में शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाएं एवं समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
- 15 से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष नामांकन अभियान, प्रभात फेरी, अभिभावक संपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
- UDISE डेटा के विश्लेषण के आधार पर नामांकन गैप की पहचान कर GER एवं NER में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी.
मौके पर गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो, नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला देवी, उपाध्यक्ष रमेश कुमार, जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीसंयुक्ता देवी, डीसीएलआर राजीव कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, डायट प्राचार्य प्रियाश्री भगत एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घनश्याम चौबे सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, बीपीओ, बीआरपी एवं सीआरपी उपस्थित रहे.
