Gumla: गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. डीसी ने निर्देश दिया कि नदियों (बालूघाटों) से बालू उत्खनन/निकासी पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण द्वारा लगाए गए प्रतिबंध समाप्त होने के बावजूद सभी संभावित क्षेत्रों में सघन छापामारी अभियान चलाकर अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित की जाए. जिलान्तर्गत श्रेणी-द्वितीय के 18 बालूघाटों (एक इकाई) की ऑनलाइन नीलामी प्रक्रिया के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की जा चुकी है. इस क्रम में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को ग्राम सभा की स्वीकृति के लिए विधिवत प्रक्रिया पूरा कराने का निर्देश दिया गया. डीसी ने कहा कि मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए बालू की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाय.

छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश
अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक के लिए जिला टास्क फोर्स को नियमित निरीक्षण एवं संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि खनिज लदे वाहनों की सघन जांच की जाए और परिवहन चालान, अधिक भार तथा खनिजों को ढंक कर परिवहन कराने के नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए. सचिव, खान के निर्देश के आलोक में बालू एवं अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को और अधिक सतर्कता बरतने तथा समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

