पलामू: जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान जयमाला कार्यक्रम के समय विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चलने की घटना हो गई. इस घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है.

बारात पहुंचने तक सब कुछ था सामान्य
मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा जिले के लगमा निवासी राहुल चौधरी (पिता – सुनील चौधरी) की बारात लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नवगढ़ गांव में खुशबू कुमारी (पिता – सुनील चौधरी) के घर 10 फरवरी 2026, मंगलवार की रात करीब 11 बजे पहुंची थी. बारात के पहुंचने के बाद तक शादी समारोह सामान्य रूप से चल रहा था और दोनों पक्षों में खुशी का माहौल था.
स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जाता है कि जयमाला कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
Also Read: ED VS पुलिस: HC का फैसला-मामले की होगी CBI जांच
देसी कट्टा लेकर स्टेज पर पहुंचा युवक
इसी दौरान लड़की का चचेरा भाई राकेश चौधरी, जो पारा शिक्षक बताया जा रहा है, कथित रूप से देसी कट्टा लेकर स्टेज पर चढ़ गया और बारातियों में से एक व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
फायरिंग में दूल्हे का चचेरा भाई घायल
विवाद के दौरान अचानक गोली चल गई, जिसमें दूल्हे के चचेरे भाई कमल चौधरी घायल हो गए. घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल मेदिनीनगर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल
शादी समारोह में गोली चलने की घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है. स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस की ओर से जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है.

