
रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने चतरा जिले की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा दिया है. जिले की करीब 75,652 महिलाओं के बैंक खातों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत दो-दो महीने की बकाया राशि एक साथ क्रेडिट कर दी गई है. त्योहार के ऐन वक्त पर आर्थिक मदद मिलने से जिले की महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं.
दो महीने की किस्त एक साथ, प्रति महिला 5,000 रुपये:
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, तकनीकी कारणों से रुकी हुई जनवरी और फरवरी महीने की सहायता राशि अब जारी कर दी गई है. प्रत्येक लाभार्थी महिला के खाते में 5,000 रुपये (2,500 रुपये प्रति माह की दर से) भेजे गए हैं. लंबे समय से इस राशि का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए यह किसी बड़े उपहार से कम नहीं है.
कुल 87.82 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान:
चतरा जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस अभियान के तहत पारदर्शिता का पूरा ख्याल रखा गया है. कुल 1,75,652 महिलाएं के बीच 87 करोड़ 82 लाख 60 हजार रुपये डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खातों में भेजा गया.
