Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार राज्य की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है और महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति करने में जानबूझकर देरी कर रही है.

हाईकोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं सुधरी राज्य सरकार : प्रतुल
भाजपा नेता ने कहा कि झारखंड हाई कोर्ट की कड़ी फटकार के बाद भी सरकार ने लोकायुक्त, सूचना आयोग, महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग जैसे अहम संस्थानों में नियुक्ति नहीं की है. इससे ये संस्थाएं लगभग निष्क्रिय हो गई हैं और लोगों को इनका फायदा नहीं मिल पा रहा है. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इन संस्थाओं के लिए हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं. भवन, कार्यालय और कर्मचारियों पर पैसा लग रहा है, लेकिन प्रमुख पद खाली रहने के कारण जनता को न्याय और पारदर्शिता नहीं मिल पा रही है.
प्रमुख पदों पर नियुक्ति नहीं होने से बढ़ी परेशानी : प्रतुल
भाजपा नेता ने कहा कि लोकायुक्त भ्रष्टाचार पर नजर रखता है. सूचना आयोग पारदर्शिता सुनिश्चित करता है, जबकि महिला और बाल आयोग समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए काम करता है. ऐसे में इन संस्थाओं को खाली रखना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है. भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हाई कोर्ट को बार-बार इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ रहा है, जिससे साफ है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है. उन्होंने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द इन सभी खाली पदों पर नियुक्ति करे, ताकि संस्थाएं सही तरीके से काम कर सकें.

