Ranchi: बोकारो के चर्चित जयंत हत्याकांड के आरोपी विनोद खोपड़ी के जेल ट्रांसफर आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. न्यायाधीश रंगन मुखोपाध्याय की खंडपीठ ने सरकार से पूछा है कि क्या विनोद खोपड़ी को चाईबासा जेल से वापस बोकारो जेल शिफ्ट किया जा सकता है. अदालत ने इस संबंध में राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है.
सुरक्षा कारणों से किया गया था ट्रांसफर
दरअसल जेल ट्रांसफर को लेकर बोकारो उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अदालत को बताया कि निकाय चुनाव के दौरान मेयर पद के दावेदार विनोद खोपड़ी की बोकारो जेल में मौजूदगी से अप्रिय घटना की आशंका थी. सुरक्षा के मद्देनजर उसे चाईबासा जेल शिफ्ट किया गया था.
ALSO READ: NPU में PHD वाइवा सफल, इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग पर शोध के लिए सोनम कुमारी को मिली अनुशंसा
चुनाव खत्म, अब वापस शिफ्ट की मांग
इधर प्रार्थी के अधिवक्ता निशांत रॉय ने अदालत से आग्रह किया कि अब निकाय चुनाव संपन्न हो चुके हैं, ऐसे में विनोद खोपड़ी को वापस बोकारो जेल शिफ्ट किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी दलील दी कि आरोपी के खिलाफ कई मामले बोकारो व्यवहार न्यायालय में चल रहे हैं, इसलिए उसे दूसरे जिले में रखना न्यायिक प्रक्रिया में बाधा बन सकता है.
कई मामलों में आरोपी, ट्रायल जारी
गौरतलब है कि विनोद खोपड़ी पर चर्चित ठेका कर्मी जयंत सिंह की हत्या सहित कई मामले दर्ज हैं. अदालत ने पूरे मामले पर राज्य सरकार से शपथ पत्र के माध्यम से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई में इस पर निर्णय लिया जाएगा.
