रांची: अवैध नशीली कफ सिरप के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है. रांची पुलिस ने उत्तर प्रदेश की जेल में बंद इस अवैध धंधे के मुख्य आरोपी भोला प्रसाद को पांच दिनों की रिमांड पर लिया है. भोला प्रसाद शैली ट्रेडर्स का मालिक है और उस पर करोड़ों रुपये के अवैध नशीले कफ सिरप की तस्करी करने का आरोप है. इस पूरे गिरोह और नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक एसआईटी का गठन किया गया है. पुलिस इस रिमांड अवधि के दौरान यह पता लगाने की कोशिश करेगी इस अवैध कारोबार के तार कहां-कहां जुड़े हैं और झारखंड में इसका मुख्य डिस्ट्रीब्यूटर कौन है.

उत्तर प्रदेश पुलिस कर चुकी है चार्जशीट:
कोडिन कफ सिरप मामला में शैली ट्रेडर्स के संचालक भोला प्रसाद समेत सात के खिलाफ 1600 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई है. वाराणसी पुलिस ने चार्जशीट में मुख्य आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल (शुभम जायसवाल के पिता) को तस्करी सिंडिकेट का प्रमुख बताया गया है. अन्य आरोपियों में महेश कुमार सिंह, शिवाकांत उर्फ शिव, स्वप्निल केसरी, दिनेश कुमार यादव, आशीष यादव और आजाद जायसवाल शामिल हैं.सभी सात आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं, जबकि मुख्य सरगना शुभम जायसवाल विदेश फरार चल रहा है. गौरतलब है कि इस मामले में ईडी और रांची पुलिस ने रांची के तुपुदाना के औद्योगिक क्षेत्र स्थित शैली ट्रेडर्स में छापेमारी कर चुकी है. इसके संचालक भोला प्रसाद हैं. भोला प्रसाद उत्तर प्रदेश की बनारस पुलिस में दर्ज प्राथमिकी में भी आरोपित हैं. फरार चल रहे शुभम जायसवाल जल्द ही इंटरनेशनल अपराधी घोषित होगा.उसे भारत लाने की तैयारी तेज कर दी गई है. वाराणसी पुलिस ने उसके अपराधों की जानकारी सीबीआई की इंटरपोल शाखा से साझा की है.

