रांची: भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है. भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य महिलाओं के सक्रिय सहयोग और नेतृत्व के बिना हासिल करना संभव नहीं है.
राजनीतिक भागीदारी
33% आरक्षण मिलने से महिलाएं अब नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी, जिससे उनकी सुरक्षा और विकास से जुड़ी समस्याओं का समाधान आसान होगा. कोड़ा ने पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया, जिसमें 33 करोड़ बैंक खाते, उज्ज्वला योजना के 10 करोड़ कनेक्शन और पीएम आवास में 74% मालिकाना हक जैसे आंकड़े शामिल हैं.
ऐतिहासिक संघर्ष का अंत
गीता कोड़ा ने कहा कि महिलाओं ने नेतृत्व के अवसर के लिए लंबा संघर्ष किया है, जिसे वर्तमान सरकार ने इस अधिनियम के माध्यम से सम्मान दिया है.गीता कोड़ा ने विपक्ष से आगामी 16-18 अप्रैल को होने वाले विशेष सत्र में इस अधिनियम का समर्थन करने का आग्रह किया.
जनता का समर्थन के लिए टोल फ्री नंबर जारी
इस अधिनियम के प्रति अपना समर्थन जताने के लिए गीता कोड़ा ने एक टोल-फ्री नंबर 9667173333 भी जारी किया है, जिस पर मिस्ड कॉल कर अपनी सहमति दी जा सकती है. प्रेस वार्ता में आरती कुजूर, सीमा सिंह, शोभा यादव, नेहा सिंह और पायल सोनी भी उपस्थित थीं.
