NEWS DESK: आईपीएल 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने टीम में बड़ा बदलाव किया है. टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस चोट से उबर रहे हैं और शुरुआती कुछ मैचों में खेल नहीं पाएंगे. इसलिए फ्रेंचाइजी ने युवा बल्लेबाज ईशान किशन को टीम का कप्तान और बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान बनाया है.

टीम ने इस जानकारी को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा किया. पोस्ट में लिखा गया कि पैट कमिंस के ठीक होने तक ईशान किशन कप्तान और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगे. अभी यह साफ नहीं किया गया है कि यह बदलाव कितने मैचों तक रहेगा.
वर्ल्ड कप प्रदर्शन का इनाम कप्तानी
ईशान किशन को यह जिम्मेदारी हाल ही में समाप्त हुए 2026 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन का इनाम माना जा रहा है. टूर्नामेंट में ईशान चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 9 मैचों में 317 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 193.29 और औसत 35.22 रहा. इसके अलावा, टी2 वर्ल्ड कप से पहले उन्होंने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब भी जितवाया था.
ईशान किशन का आईपीएल करियर
ईशान किशन अब तक आईपीएल में 119 मुकाबले खेल चुके हैं. 112 पारियों में उन्होंने 2998 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं. उनका हाई स्कोर 106 रन का रहा. ईशान 2025 से सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा हैं.

