जामताड़ा: SBI कैशियर के घर भीषण चोरी, खिड़की की ग्रील काटकर लाखों के जेवरात ले उड़े चोर

  जामताड़ा: शहर में चोरों ने मंगलवार की देर रात एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. शहर के राजपल्ली इलाके...

 

जामताड़ा: शहर में चोरों ने मंगलवार की देर रात एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. शहर के राजपल्ली इलाके में स्थित एसबीआई कैशियर के घर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया. इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है. पीड़ित प्रदीप चौधरी जो मूल रूप से रांची के सेल सिटी के निवासी हैं, वर्तमान में जामताड़ा के बोदमा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं.

 घर की खिड़की की लोहे वाली ग्रील काटी:

प्रदीप राजपल्ली में एसडीओ कार्यालय के प्रधान लिपिक बैजू झा के मकान में बतौर किराएदार रहते हैं. चोरी की यह वारदात मंगलवार की देर रात उस वक्त हुई जब प्रदीप चौधरी और उनकी पत्नी अपने कमरे में सो रहे थे. घर का दूसरा कमरा बंद था. बदमाशों ने बेहद शातिराना तरीके से घर की खिड़की की लोहे वाली ग्रील काटी और अंदर प्रवेश कर गए. चोरों ने बंद कमरे में रखी आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण चोरी कर लिए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली और उन्होंने दूसरे कमरे का नजारा देखा, आलमारी का सारा सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात गायब थे.

ALSO READ: भीड़ से राहत देने के लिए रेलवे का कदम, अजमेर-रांची रूट पर चलेगी अतिरिक्त ट्रेन

शादी पिछले साल ही हुई थी:

पीड़ित के अनुसार, उनकी शादी पिछले साल ही हुई थी, जिसके कारण घर में काफी मात्रा में नए और कीमती गहने रखे हुए थे. घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से घटना की विस्तृत जानकारी ली. पुलिस आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *