रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) 2024 (विज्ञापन संख्या-08/2025) को लेकर एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा की पूर्व निर्धारित तिथि को स्थगित कर दिया है और अब नई तिथि के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों के विकल्पों में भी विस्तार किया गया है. आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी नोटिस के अनुसार, परीक्षा का आयोजन पहले 29 मार्च को प्रस्तावित था. अब इसे बदलकर 26 अप्रैल निर्धारित किया गया है. अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अब लगभग एक महीने का अतिरिक्त समय मिल गया है.

हजारीबाग बना नया परीक्षा केंद्र
अभ्यर्थियों की भारी संख्या और केंद्रों की उपलब्धता को देखते हुए आयोग ने परीक्षा शहरों की सूची में विस्तार किया है. अब हजारीबाग को भी नए परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है. अब अभ्यर्थी छह शहरों में से किन्हीं तीन शहरों का चयन अपनी प्राथमिकता के अनुसार कर सकते हैं. जिनमें रांची, जमशेदपुर,धनबाद, बोकारो, देवघर और हजारीबाग शामिल है. आयोग ने अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र के विकल्पों में सुधार करने का अवसर दिया है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: टेंगाडीह स्कूल की बड़ी लापरवाही, 11 छात्र 8वीं बोर्ड परीक्षा से वंचित, जांच के बाद मचा हड़कंप

