कोडरमा : जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत झंडा चौक स्थित एक आभूषण दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर करीब 50 लाख रुपये के सोने और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. दुकान मालिक अशोक भदानी ने बताया कि वह बीते मंगलवार से दुकान बंद कर जमशेदपुर गए हुए थे. शनिवार को जब वह झुमरीतिलैया लौटे और दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला और पश्चिम दिशा की दीवार में सेंधमारी के स्पष्ट निशान दिखे.

लाखों के जेवरात गायब, जांच में जुटी पुलिस
दुकान की जांच करने पर पाया गया कि अंदर रखे सभी सोने और चांदी के जेवरात गायब हैं जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दुकान चार से पांच दिनों से बंद थी, इसलिए यह स्पष्ट करना अभी संभव नहीं है कि चोरी की वारदात किस दिन अंजाम दी गई. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है

