Ranchi: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को सदन में उस समय गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई, जब नवनिर्वाचित विधायक जयराम महतो की एक टिप्पणी पर सत्ता पक्ष ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के एक कथित बयान का हवाला देने पर संसदीय कार्य मंत्री ने इसे असंसदीय करार दिया, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उक्त वक्तव्य को सदन की कार्यवाही (प्रोसिडिंग) से हटाने का निर्देश जारी किया.

बजट चर्चा के दौरान तीखी नोकझोंक
मंगलवार को सदन में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास तथा उद्योग विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा चल रही थी. इसी दौरान जयराम महतो ने विभागीय बजट पर कटौती प्रस्ताव पेश करते हुए अपना भाषण शुरू किया. उन्होंने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के धनबाद दौरे का जिक्र करते हुए एक विवादास्पद बयान साझा किया.
क्या था जयराम महतो का बयान?
जयराम महतो ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने धनबाद में एक जनसभा के दौरान कहा था कि यदि निजी कंपनियां राज्य के 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार सुनिश्चित नहीं करती हैं, तो स्थानीय लोग उन कंपनियों पर कब्जा कर लें. महतो के इस बयान पर सदन में मौजूद सत्ता पक्ष के सदस्यों ने तुरंत आपत्ति दर्ज कराई और इसे भ्रामक करार दिया.
संसदीय कार्य मंत्री ने मांगा प्रमाण
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि माननीय सदस्य जयराम महतो बिना किसी प्रामाणिक साक्ष्य के मुख्यमंत्री पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने सदन की मर्यादा का हवाला देते हुए कहा कि सदस्य के पास इस बात का कोई ठोस प्रमाण नहीं है कि मुख्यमंत्री ने ऐसा कोई बयान दिया है.सदन के बाहर की बातों को बिना अध्यक्ष की अनुमति और पुख्ता सबूतों के सदन के पटल पर रखना संसदीय परंपराओं के विरुद्ध है.बिना आधार के इस तरह के संवेदनशील बयान देना सदन को गुमराह करने जैसा है.
विधानसभा अध्यक्ष ने बयान को रिकॉर्ड से हटाने का लिया फैसला
मामले की गंभीरता और संसदीय कार्य मंत्री की मांग को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने तुरंत निर्णय लिया. उन्होंने व्यवस्था देते हुए कहा कि चूंकि उक्त टिप्पणी बिना किसी आधिकारिक प्रमाण के की गई है, इसलिए इसे सदन की प्रोसिडिंग (कार्यवाही) का हिस्सा नहीं माना जाएगा. अध्यक्ष के निर्देश के बाद जयराम महतो की उस विशिष्ट टिप्पणी को रिकॉर्ड से हटा दिया गया.

मेरे बयान को प्रोसिडिंग से नहीं हटाया जाए : जयराम महतो
वहीं जयराम महतो ने कहा है कि संसदीय कार्य मंत्री को सीएम हेमंत सोरेन के दिए बयान का पेपर कटिंग उपलब्ध करा दिए हैं. ऐसे में मेरे बयान को प्रोसिडिंग से नहीं हटाया जाए

