गोड्डा/पाकुड़: झारखंड में अवैध खनन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. इस बार विपक्ष नहीं, बल्कि सत्ताधारी गठबंधन में शामिल राजद और कांग्रेस के कद्दावर नेताओं ने ही अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. राज्य के कैबिनेट मंत्री से लेकर विधायक और जिला अध्यक्षों तक ने संथाल परगना क्षेत्र में चल रहे अवैध बालू और पत्थर खनन पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
मंत्री संजय प्रसाद यादव का बड़ा हमला: स्वयं दोषी होऊं तो मुझ पर भी हो कार्रवाई:
हेमंत सोरेन कैबिनेट में आरजेडी कोटे से मंत्री संजय प्रसाद यादव ने एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में प्रशासन और व्यवस्था पर कड़े सवाल दागे हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि संथाल क्षेत्र में अवैध बालू और पत्थर का धंधा चरम पर है. मंत्री ने कहा कि अवैध खनन में लगे ओवरलोडेड हाइवा और ट्रक पुलिस से बचने के चक्कर में तेज रफ्तार से भागते हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस पूरे सिंडिकेट की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। संजय यादव ने यहां तक कह दिया कि, चाहे मैं खुद दोषी होऊं, कोई अन्य जनप्रतिनिधि हो या अधिकारी, जो भी इस अवैध धंधे में शामिल है, उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
ALSO READ: 1 करोड़ इनामी नक्सली प्रशांत बोस का अंत, शव लेने को कोई परिजन नहीं आया आगे
विधायक प्रदीप यादव का पत्र: प्रतिदिन 27 लाख की काली कमाई:
गोड्डा के पोड़ैयाहाट से कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने भी जिला प्रशासन को घेरा है. उन्होंने गोड्डा के डीसी को पत्र लिखकर एक विशिष्ट बालू घाट का उल्लेख किया है। प्रदीप यादव का दावा है कि उस घाट से हो रहे अवैध उठाव के जरिए प्रतिदिन लगभग 27 लाख रुपये की अवैध कमाई की जा रही है.
पाकुड़ में कांग्रेस का हल्ला बोल: पासिंग गिरोह और प्रशासनिक मिलीभगत के आरोप
अवैध खनन की यह आग पाकुड़ जिले तक भी पहुँच गई है. प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू द्वारा रांची में दिए गए बयान के बाद पाकुड़ जिला कांग्रेस ने भी स्थानीय पत्थर माफिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार ने आरोप लगाया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र और पाकुड़-धुलियान मार्ग पर दो-दो चेकपोस्ट होने के बावजूद बिना माइनिंग चालान के ट्रकों की आवाजाही धड़ल्ले से जारी है. उन्होंने दावा किया कि एक संगठित ‘पासिंग गिरोह’ पिछले कई वर्षों से सक्रिय है. बिना प्रशासनिक संरक्षण के करोड़ों रुपये के राजस्व का यह नुकसान संभव नहीं है. उन्होंने विशेष रूप से पियादपुर चेकपोस्ट और मालपहाड़ी थाना क्षेत्र का जिक्र करते हुए जांच की मांग की है.
