रांची: झारखंड में आगामी सरहुल, ईद और रामनवमी के मद्देनजर राज्य सरकार ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आज महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई है.गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, इस बैठक का प्राथमिक उद्देश्य राज्य में आगामी त्योहारों सरहुल, ईद और रामनवमी के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करना है.
इस बैठक में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव, डीजीपी और संबंधित वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहेंगे. इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी और सभी जिलों के डीसी व एसपी अपने-अपने जिलों से JHARNET के माध्यम से इस बैठक में जुड़ेंगे. सरकार का मुख्य फोकस इस बात पर है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे. बैठक में संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने जैसे निर्देश दिए जाएंगे.


