रांची: झारखंड पुलिस के अधिकारियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर अपनी व्यावसायिक दक्षता और कौशल का लोहा मनवाया है. महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 69 वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट (AIPDM) 2026 में राज्य पुलिस के दो जांबाज अधिकारियों ने अपनी कला और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए पदक जीत कर राज्य को गौरवान्वित किया है.

क्राइम सीन फोटोग्राफी में दिखाया हुनर:
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सबसे कठिन और महत्वपूर्ण इवेंट्स में से एक क्राइम सीन फोटोग्राफी में झारखंड के अधिकारियों ने बाजी मारी. इस स्पर्धा में देशभर के विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के बेहतरीन विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया था. अनुपम प्रकाश (सब इंस्पेक्टर, हजारीबाग) इन्होंने अपनी सूक्ष्म दृष्टि और तकनीकी कौशल से सिल्वर मेडल (रजत पदक) पर कब्जा जमाया और राकेश कुमार (रांची जिलाबल) ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) हासिल किया.
एडीजी मनोज कौशिक ने किया सम्मानित:
पदक विजेताओं के रांची लौटने पर झारखंड पुलिस मुख्यालय में खुशी का माहौल रहा।एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक ने दोनों अधिकारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया. उन्होंने अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे विभाग के लिए गर्व का विषय है. एडीजी ने कहा यह सफलता दर्शाती है कि झारखंड पुलिस का प्रशिक्षण अब आधुनिक और वैश्विक मानकों के अनुरूप है. अनुपम और राकेश की जीत से विभाग के अन्य युवाओं और कर्मियों को बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी.
