रांची: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 23 पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है. मतगणना के पहले दिन बरही और बोकारो में हुए मतदान की गिनती पूरी की गई. बरही में 38 और बोकारो में 852 मत पड़े थे. बोकारो में कुल 20 मत को अमान्य घोषित किया गया.

परिणाम आने में करीब 20 दिन का समय
चुनाव की प्रक्रिया संपन्न करवा रहे रिटर्निंग अफसर जस्टिस अंबुज नाथ ने बताया कि मतगणना सुबह साढ़े दस बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी और पूरा परिणाम आने में करीब 20 दिन का समय लग सकता है. झारखंड विधानसभा के दस कर्मियों को मतगणना के कार्य में लगाया गया है. 22 मार्च को ईद होने और रविवार को मतगणना नहीं होगी और रामनवमी के दिन भी मतगणना नहीं होगी. बोकारो में 20 मत अमान्य करार दिए जाने के बाद रिटर्निंग अफसर जस्टिस अंबुज नाथ ने बार काउंसिल परिसर में मौजूद प्रत्याशियों को मतपत्र दिखाते हुए अमान्य करार दिए जाने का कारण भी बताया.
बता दें कि 23 पदों के लिए होने वाले चुनाव में लगभग 70 प्रतिशत मतदान हुआ था.इस चुनाव में कुल 100 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें 25 महिलाएं भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: रांची: त्योहारों को लेकर प्रशासन मुस्तैद, पुलिस का फ्लैग मार्च, उपद्रवियों को चेतावनी

