नई दिल्ली: राजधानी के आनंद धाम आश्रम, बक्करवाला में आयोजित अस्मिता योगासन महिला लीग (नेशनल) 2025-26 में झारखंड की बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य का नाम रोशन किया. 29 से 31 मार्च तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और पदक के साथ कई अच्छे स्थान भी हासिल किए.

18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आर्टिस्टिक पेयर मुकाबले में आकांक्षा कुमारी और पम्मी कुमारी की जोड़ी ने 90.18 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया. इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें ₹24,000 की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा.
आर्टिस्टिक ग्रुप प्रतियोगिता में झारखंड की टीम, जिसमें पम्मी कुमारी, आकांक्षा कुमारी, अनुपा किंडो, निधि कुमारी और कोमल राय शामिल थीं, ने 92.84 अंक प्राप्त कर चौथा स्थान हासिल किया. वहीं कशक कच्छप और माही कुमारी की जोड़ी ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया.
इस उपलब्धि पर झारखंड योगासन खेल संघ के पदाधिकारियों ने खुशी जताई और खिलाड़ियों को बधाई दी. अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है. अन्य पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
