रांची: असम विधानसभा चुनाव के रण में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. गोसाईंगांव विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी श्री फैड्रिक्शन हांसदा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने हुंकार भरी. उन्होंने स्पष्ट किया कि असम के आदिवासियों और चाय बागान मजदूरों के हितों की रक्षा अब केवल जेएमएम ही कर सकती है.
इतिहास बनाने का चुनाव है यह
जनसभा को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने कहा कि यह चुनाव कोई सामान्य चुनावी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि असम के लिए एक नया इतिहास लिखने का अवसर है. उन्होंने कहा असम की जनता वर्तमान व्यवस्था से ऊब चुकी है और अब बदलाव का मन बना चुकी है. जेएमएम यहां के मूल निवासियों और विशेषकर चाय बागानों में पसीना बहाने वाले मजदूरों को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
एक-एक वोट में है समाज की मजबूती
कल्पना सोरेन ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि आपका एक-एक वोट बहुमूल्य है. यह सिर्फ एक प्रत्याशी की जीत नहीं, बल्कि असम में रहने वाले पूरे आदिवासी समुदाय की मजबूती का आधार बनेगा. उन्होंने झामुमो को आदिवासियों की आवाज बताते हुए क्षेत्र के विकास का भरोसा दिलाया.
दिग्गज नेताओं ने की विजय की अपील
इस चुनावी जनसभा में झारखंड की राजनीति के कई अन्य दिग्गज चेहरे भी शामिल हुए. सांसद जोबा माझी और विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने भी जनसमूह को संबोधित किया. सभी नेताओं ने एक सुर में स्थानीय लोगों से जेएमएम प्रत्याशी फैड्रिक्शन हांसदा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की, ताकि असम की विधानसभा में आदिवासियों की बुलंद आवाज गूंज सके.
