Giridih: धनवार प्रखंड के गलवाती पंचायत अंतर्गत माघोकला गांव में दलित समाज को सरकार द्वारा दान में दी गई जमीन पर अवैध अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है.
8 महीने बाद भी कार्रवाई नहीं
हैरानी की बात यह है कि ग्रामीणों द्वारा आवेदन दिए जाने के लगभग 8 महीने बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.
अधिकारियों को सौंपा गया था आवेदन
ग्रामीणों ने इस गंभीर मुद्दे को लेकर गिरिडीह उपायुक्त, धनवार अंचलाधिकारी और स्थानीय विधायक को लिखित आवेदन सौंपा था. इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर चुप्पी बनी हुई है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है.
Also Read: चतरा पुलिस कार्रवाई: भारी मात्रा में अफीम, डोडा और नकदी के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह का भंडाफोड़
अधिकार और सम्मान से जुड़ा मुद्दा
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल जमीन का विवाद नहीं, बल्कि दलित समाज के अधिकार और सम्मान से जुड़ा विषय है. समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.
आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द ही अतिक्रमण हटाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब सक्रिय होता है और न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है.
