गिरिडीह: नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड 18 के एक बूथ पर हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पुलिस ने मंगलवार शाम दुर्गापुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को एयरपोर्ट तक पहुंचाने वाले टैक्सी चालक टिंकू विश्वकर्मा को भी आसनसोल से दबोच लिया गया है.

सूत्रों के अनुसार, फरार शिवम किसी महानगर भागने की तैयारी में था और लोकेशन ट्रेस होने के डर से अंतिम समय में टिकट लेने की योजना बना रहा था.
तीन राज्यों में छापेमारी, SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था. पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही थी. आसनसोल से टैक्सी चालक को ट्रेस कर गिरफ्तार करने के बाद उसके बयान के आधार पर दुर्गापुर एयरपोर्ट पर दबिश दी गई, जहां से मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया.
दो लोग घायल, सड़क जाम
गोलीकांड में दो लोग घायल हो गए थे, जिनका इलाज धनबाद के एसएनएमएमसीएच में चल रहा है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चैताडीह रोड और गिरिडीह-पचंबा मार्ग को जाम कर दिया था, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी.
पुलिस कैंप कर रही, सहयोगियों से पूछताछ
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो आईजी और एक डीआईजी गिरिडीह में कैंप कर रहे हैं. बूथ से कुछ दूरी पर गोली चलने के बाद शिवम आजाद फरार हो गया था. पुलिस ने झिंझरी मोहल्ला से उसके आधा दर्जन सहयोगियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. उनसे आरोपी के नेटवर्क, ठिकानों, साजिश और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है.

