लोहरदगा: जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. कुड़ू थाना क्षेत्र के झीको चट्टी स्थित संत लॉरेंस विद्यालय में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. विद्यालय के हॉस्टल परिसर में एक संरचना गिरने से नर्सरी कक्षा के मात्र 5 वर्षीय छात्र सूर्यन उरांव की जान चली गई.

कैसे हुआ हादसा?
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय शंकर कुमार से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना स्कूल की छुट्टी होने के बाद हॉस्टल परिसर में हुई. दोपहर के भोजन (लंच) के बाद सभी बच्चे ट्यूशन की तैयारी कर रहे थे और अपने कमरों से बाहर निकल रहे थे. इसी दौरान, नन्हा सूर्यन हॉस्टल के कमरे के बाहर दीवार से सटे एक छज्जे पर चढ़ने की कोशिश करने लगा. अचानक वह भारी-भरकम छज्जा भरभराकर मासूम के ऊपर ही गिर गया. सूर्यन मलबे के नीचे दब गया और उसे गंभीर चोटें आईं.
इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ दिया दम
हादसे के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई. लहुलुहान हालत में बच्चे को तत्काल स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिलाया गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रबेड़ो ले जाया गया. वहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया. दुर्भाग्यवश, रिम्स में इलाज के दौरान मासूम सूर्यन ने दम तोड़ दिया.

