रांची: एसएसपी राकेश रंजन ने मंगलवार कोबड़ी कार्रवाई करते हुए कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. लगातार मिल रही शिकायतों और क्षेत्र में बेलगाम होते अपराधों को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है. निलंबन के पीछे कई गंभीर कारण सामने आए हैं. प्रकाश रजक पर आरोप है कि उन्होंने पद का दुरुपयोग करते हुए जमीन कारोबारियों के साथ साठगांठ की और उन्हें गलत तरीके से लाभ पहुंचाया. स्थानीय लोगों ने उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे. कांके क्षेत्र में हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. सुकुरहुट्टू गांव में घर में घुसकर फायरिंग की घटना और अगले ही दिन बोड़ेया स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय में हुई चोरी व तोड़फोड़ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया था. मामला तब और तूल पकड़ गया जब एक आदिवासी महिला ने थानेदार के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर कर दी. महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस अधिकारी पर गंभीर आरोप मढ़े थे.


