News Desk: झारखंड के देवघर जिले में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी पालाजोरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये लोग फर्जी ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड जब्त किए गए. पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
फर्जी मोबाइल नंबर से झांसे में लेते थे ठग
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर ग्राहक सेवा के नाम से अपलोड कर लोगों को ठगते थे. वे फोन पे, पेटीएम और एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर कैशबैक और गिफ्ट कार्ड के लालच में खाताधारकों को ठगते थे. इसके अलावा पीएम-किसान योजना, एसबीआई क्रेडिट कार्ड और ऋण दिलाने के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को फंसाते थे.
Read Also: पलामू: पिपरहिया तालाब में बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी
पकड़े गये ठगों में ये हैं शामिल
गिरफ्तार ठगों में करौं थाना के गुलाब रब्बानी, मोहनपुर थाना के बजरंगी मंडल और मनीष कुमार मंडल, मधुपुर थाना के ब्रह्मदेव दास, पालोजोरी थाना के अरवाज अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी, मनवर अंसारी, असलम अंसारी, बिनोद मिर्धा, सारठ थाना के उपेंद्र मेहरा और मधुपुर थाना के विक्रम रजक शामिल हैं.
तीन पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने बताया कि ब्रह्मदेव दास, उपेंद्र मेहरा और मनवर अंसारी पहले भी जेल जा चुके हैं और आदतन अपराधी हैं. छापेमारी में साइबर थाना और पालाजोरी थाना की टीम ने हिस्सा लिया. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.
