रांची: रांची के सदर अस्पताल में 10 और 11 अप्रैल को आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे बच्चों के लिए नई उम्मीद लेकर आ रहा है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और अमृता हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस पहल में अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टर बच्चों के दिल की गहराई से जांच करेंगे, जिसमें इको सहित सभी जरूरी परीक्षण शामिल होंगे.
जांच के बाद मुफ्त सर्जरी और इलाज की सुविधा
जांच के बाद जिन बच्चों में सर्जरी की आवश्यकता पाई जाएगी, उनका इलाज कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल में पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा. साथ ही ऑपरेशन के बाद नियमित फॉलोअप की सुविधा भी दी जाएगी. इस शिविर की खास बात यह है कि बच्चों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए भी यात्रा, ठहरने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था मुफ्त रखी गई है, ताकि किसी भी परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े.
500 बच्चों की जांच का लक्ष्य, सभी जिलों को निर्देश
राज्य के सभी जिलों को निर्देशित किया गया है कि अधिक से अधिक चिन्हित बच्चों को इस शिविर तक पहुंचाया जाए, जिसके लिए परिवहन की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है. करीब 500 बच्चों की जांच के लक्ष्य के साथ यह शिविर न सिर्फ इलाज का माध्यम बनेगा, बल्कि समय पर पहचान के जरिए कई मासूम जिंदगियों को सुरक्षित करने की एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.
