बोकारो: जिले में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान करंट लगने से छह लोग बुरी तरह झुलस गए. यह हादसा पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको गांव में उस समय हुआ जब अखाड़ा मिलन का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान रामनवमी के जुलूस में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक महाबीरी पताका लेकर आगे बढ़ रहे थे. इस दौरान झंडे की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया. जैसे ही पताका तार से टकराई, पूरे जुलूस में करंट फैल गया और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए. हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. करंट की चपेट में आए छह लोगों को आनन-फानन में पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने घायलों की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया है. पुलिस और प्रशासन की टीम अस्पताल में मौजूद है और घायलों की निगरानी कर रही है

