लोहरदगा: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का प्रचार-प्रसार अब अपने चरम पर पहुंच गया है. इसी क्रम में आज कूचबिहार में कांग्रेस पार्टी द्वारा एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरने का काम किया.
सम्मेलन में बंगाल के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, कूचबिहार के पर्यवेक्षक धीरज प्रसाद साहू, प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार, एआईसीसी के सचिव बी.पी. सिंह, जलपाईगुड़ी के पर्यवेक्षक प्रदीप बलमुचू तथा कूचबिहार जिला अध्यक्ष विश्वजीत सरकार समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे.
लोकतंत्र और विकास की वापसी का चुनाव: धीरज प्रसाद साहू
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद एवं कूचबिहार के पर्यवेक्षक धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि राज्य में लोकतंत्र, विकास और जनहित की नीतियों को पुनः स्थापित करने का चुनाव है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता की आवाज रही है और आज भी पार्टी का मुख्य उद्देश्य गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के अधिकारों की रक्षा करना है.
साहू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ही उसकी असली ताकत है और उनकी मेहनत एवं समर्पण से ही आने वाले चुनाव में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने की अपील की.
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान शासन में आम जनता कई समस्याओं से जूझ रही है, जिनमें बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार प्रमुख हैं. कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और लोगों का समर्थन लगातार मिल रहा है.
संगठन को मजबूत करने पर जोर, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
सम्मेलन के दौरान अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी निष्ठा के साथ काम करें, तो आगामी चुनाव में कांग्रेस निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन करेगी. सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने पार्टी के प्रति उनके उत्साह और प्रतिबद्धता को दर्शाया.
