गिरिडीह: गिरिडीह नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने निगम के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक के दौरान शहरवासियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में देरी पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान मेयर प्रमिला मेहरा ने जन्म प्रमाण पत्र और मृत्यु प्रमाण पत्र के निर्गमन में हो रही देरी पर चिंता जताई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इन महत्वपूर्ण दस्तावेजों को निर्धारित समय सीमा से पहले ही जारी किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि यह सेवा सीधे आम जनता से जुड़ी है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
मेयर ने नगर निगम के सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि निगम की कार्यप्रणाली पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित होनी चाहिए. आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए.
ALSO READ: सरायकेला : गुरुचरण कर्मकार झारखंड मानवाधिकार संघ के जिलाध्यक्ष मनोनीत
मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा, गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
बैठक में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत, जल निकासी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं पर भी चर्चा की गई. मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए.
इस मौके पर डिप्टी मेयर सुमित कुमार, उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक, झामुमो गिरिडीह महानगर समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार ‘रॉकी’ सिंह समेत नगर निगम के सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.
