रांची: रांची नगर निगम क्षेत्र के 53 वार्डों में खड़े पार्षद प्रत्याशियों के साथ-साथ मेयर पद के उम्मीदवारों को भी तीन चरणों में चुनावी खर्च का ब्यौरा जमा करना अनिवार्य है. इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय में दूसरे चरण का व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया.

16 फरवरी तक के आंकड़ों के अनुसार मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने चुनाव प्रचार में सर्वाधिक 5,69,788.50 रुपये खर्च किए हैं. उनके बाद रोशनी खलखो ने 4,17,537.00 रुपये खर्च दर्ज कराया है. अन्य प्रत्याशियों का व्यय इससे काफी कम रहा है.
16 फरवरी तक दर्ज कुल खर्च (रुपये में)
- प्रवीण कच्छप – 1,11,482.00
- विनोद कुमार बड़ाइक – 52,688.00
- रमा खलखो – 5,69,788.50
- रोशनी खलखो – 4,17,537.00
- सुजाता कच्छप – 1,40,044.00
- सुमित विजय आनंद कुजूर – 66,480.00
- सुमन कात लिंगा – 1,31,666.00
- सुरेंद्र लिंडा – 64,075.00
- सोनू खलखो – 39,665.00
हालांकि, 16 फरवरी को किरण कुमारी और देवी दयाल मुंडा व्यय विवरण प्रस्तुत करने के लिए अनुपस्थित रहे. इस प्रकार 11 में से नौ प्रत्याशियों ने ही निर्धारित तिथि तक अपना खर्च विवरण जमा किया.
प्रशासन द्वारा गठित व्यय अनुश्रवण कोषांग सभी अभिलेखों की बारीकी से जांच कर रहा है. निर्धारित सीमा के भीतर खर्च सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है.
उल्लेखनीय है कि मेयर पद के प्रत्याशी अधिकतम 25 लाख रुपये तथा पार्षद प्रत्याशी पांच लाख रुपये तक चुनावी खर्च कर सकते हैं. रांची में मेयर पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं.
चुनावी प्रक्रिया के दौरान व्यय का नियमित खुलासा अनिवार्य है. व्यय अनुश्रवण की सख्त निगरानी का उद्देश्य चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है. ऐसे में हर प्रत्याशी के खर्च पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है.

