बेरमो: गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने गुरुवार को नई दिल्ली में ऊर्जा मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल से मुलाकात कर डीवीसी से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की. सांसद ने विशेष रूप से डीवीसी के बोकारो थर्मल और चंद्रपुरा में ऐश के अत्यधिक भंडारण के कारण उत्पादन प्रभावित होने तथा बोकारो थर्मल पावर प्लांट के बंद होने की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान तुरंत किया जाना चाहिए ताकि बिजली उत्पादन सुचारू रूप से जारी रह सके.

डीवीसी मुख्यालय रांची लाने की मांग
सांसद ने मजबूती से यह पक्ष रखा कि चूंकि डीवीसी की अधिकांश परियोजनाएं और गतिविधियां झारखंड में संचालित होती हैं, इसलिए इसका मुख्यालय कोलकाता से रांची स्थानांतरित किया जाना चाहिए. इससे प्रशासनिक समन्वय और कार्यकुशलता में सुधार होगा.
Also Read: रांची समाहरणालय में शुरू हुई आधुनिक लिफ्ट सुविधा, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
अकाउंट सेक्शन को शिफ्ट करने का किया विरोध
साथ ही उन्होंने डीवीसी के अकाउंट सेक्शन को झारखंड से पश्चिम बंगाल शिफ्ट किए जाने का कड़ा विरोध किया. सांसद ने बताया कि इस निर्णय से स्थानीय स्तर पर काफी असुविधा हो रही है, जिसे लेकर उन्होंने संसद में नियम 377 के तहत भी आवाज उठाई है. उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि लेखा अनुभाग को पुनः झारखंड में ही बरकरार रखा जाए.
रांची में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की योजना
बैठक के दौरान ऊर्जा सचिव ने सांसद को आश्वस्त किया कि डीवीसी जल्द ही रांची में एक क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की योजना बना रहा है, ताकि क्षेत्र में बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके. सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने उम्मीद जताई कि ऊर्जा मंत्रालय इन मुद्दों पर सकारात्मक कदम उठाएगा, जिससे विस्थापितों और क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा हो सके.

