RANCHI: शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए रांची नगर निगम ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया. निगम की इंफोर्समेंट टीम ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया.
रिम्स ट्रॉमा सेंटर से लालपुर चौक तक चला अभियान
यह अभियान रिम्स ट्रॉमा सेंटर से टुनकी टोली, कोकर मार्ग और जेल चौक से लालपुर चौक तक चलाया गया. इस दौरान टीम ने सड़क किनारे रखे गए सामान जैसे प्लास्टिक टूल, साइन बोर्ड, टेबल और बांस-बल्ली को जब्त किया. साथ ही कई अस्थायी दुकानें, शेड और ढांचे हटाकर रास्ता साफ कराया गया, जिससे लोगों को आने-जाने में सुविधा हो सके.
जेल चौक–लालपुर चौक इलाके में बड़ी कार्रवाई
जेल चौक से लालपुर चौक के बीच भी निगम ने कड़ी कार्रवाई की. यहां गिफ्ट डीड की जमीन पर बने अवैध निर्माण को हटाया गया. इसके अलावा सड़क पर बाधा बन रहे ठेला-खोमचा और फूड स्टॉल को भी हटाया गया. अभियान के दौरान दो ठेला, दो फूड काउंटर और एक चूल्हा जब्त किया गया.
निगम ने साफ चेतावनी दी है कि आगे से अगर किसी ने अतिक्रमण किया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
