बोकारो: कल यानी 27 फरवरी 2026 को होने वाले नगर पालिका मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. इसको लेकर गुरुवार को बोकारो जोनल IG सुनील भास्कर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बोकारो जोन के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की. आईजी ने कहा कि विधि-व्यवस्था में कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी साथ ही CCTV से निगरानी की जाएगी.

महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं
मतगणना केंद्रों और वहां तक पहुंचने वाले मुख्य मार्गों पर भारी संख्या में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सभी जवान लाठी, हेलमेट और शिल्ड जैसे सुरक्षा उपकरणों से लैस रहेंगे.
संवेदनशील इलाकों में क्विक रिस्पांस टीम को तैनात किया गया है। इन टीमों के पास दंगारोधी उपकरणों के साथ-साथ स्टन ग्रेनेड, टियर गैस गन और रबर बुलेट जैसे आधुनिक संसाधन उपलब्ध रहेंगे. आईजी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान आम नागरिकों के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करें और अनावश्यक विवादों से बचें.

