पलामू: जिला के मेदिनीनगर स्थानीय ज्योति लोक होटल में रविवार को मेदीनिनगर नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर और भाजपा नेत्री स्मिता आनंद ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लागू किए जाने को ऐतिहासिक कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विशेष आभार प्रकट किया.
संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन
प्रेस वार्ता में दोनों नेताओं ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार की पहल पर विस्तार से चर्चा की और इसे देश के लिए एक बड़ा बदलाव बताया.
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति को सशक्त बनाने का जो संकल्प लिया था, उसे इस अधिनियम के माध्यम से धरातल पर उतार दिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का महिलाओं के प्रति सम्मान और उन्हें मुख्यधारा में लाने का प्रयास शुरू से ही स्पष्ट रहा है.
33 प्रतिशत आरक्षण से बढ़ेगी भागीदारी
उन्होंने कहा कि सरकार ने न केवल सामान्य वर्ग बल्कि आदिवासी समाज की महिलाओं को मजबूत करने के लिए भी कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं. अब लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित कर देश की राजनीति में आधी आबादी की भागीदारी को नई ऊंचाई प्रदान की गई है.
नए भारत की नारी को मिलेगा आत्मविश्वास
भाजपा नेत्री स्मिता आनंद ने कहा कि यह कानून नए भारत की नारी के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है. पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक महिलाओं के निर्णय लेने की क्षमता अब और अधिक प्रभावी होगी.
ALSO READ: भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के विजेताओं को किया गया सम्मानित
महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल
प्रेस वार्ता में मौजूद नेताओं ने सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी युग की शुरुआत बताया. उन्होंने कहा कि इस कानून से आने वाले समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं का नेतृत्व और अधिक सशक्त होकर उभरेगा.
कई प्रमुख महिलाएं रहीं उपस्थित
इस प्रेस वार्ता में पलामू चैंबर की महिला विंग की शिखा अग्रवाल (अध्यक्ष), श्रीजल अग्रवाल, मंजू गुप्ता (भाजपा नेत्री), संध्या शेखर, प्रीति राज गुप्ता, पूजा भिवानिया, रेणु देवी (जिला मंत्री), आरती आनंद और सुजाता सिंह उपस्थित रहीं.
