News Desk: आज के समय में पासपोर्ट एक बहुत जरूरी डॉक्यूमेंट बन गया है. विदेश घूमने, पढ़ाई करने या नौकरी के लिए जाने पर इसकी जरूरत पड़ती है. यह आपकी पहचान और भारतीय नागरिक होने का सबूत भी होता है. किसी भी दूसरे देश में जाने के लिए पासपोर्ट के साथ वीजा होना भी जरूरी होता है.

अक्सर लोग घर बदलने के बाद पासपोर्ट में नया एड्रेस अपडेट करना भूल जाते हैं. लेकिन ऐसा करना जरूरी होता है, क्योंकि पुराने पते की वजह से वीजा, पुलिस वेरिफिकेशन या दूसरे जरूरी कामों में परेशानी आ सकती है. अच्छी बात यह है कि अब पासपोर्ट में एड्रेस अपडेट करने की प्रोसेस काफी आसान हो गई है और इसकी शुरुआत आप घर बैठे ऑनलाइन ही कर सकते हैं.
पासपोर्ट में ऑनलाइन एड्रेस कैसे बदलें?
अगर आप अपने पासपोर्ट में नया पता अपडेट करना चाहते हैं, तो ये आसान स्टेप्स फॉलो करें :
- सबसे पहले Passport Seva Portal की official वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर जाएं.
- अगर आपका अकाउंट नहीं है, तो New User Registration करके अपना अकाउंट बनाएं और लॉगिन करें.
- लॉगिन करने के बाद Reissue of Passport का विकल्प चुनें.
- इसके बाद Change in Existing Personal Particulars ऑप्शन पर क्लिक करें.
- अब फॉर्म में अपना नया एड्रेस वही लिखें जो आपके एड्रेस प्रूफ डॉक्यूमेंट में दर्ज है.
- जरूरी डॉक्यूमेंट्स की स्कैन कॉपी अपलोड करें और ऑनलाइन फीस का भुगतान करें.
- अंत में नजदीकी Passport Seva Kendra या Post Office Passport Seva Kendra में अपॉइंटमेंट बुक करें और तय तारीख पर जाकर प्रक्रिया पूरी करें.
एड्रेस अपडेट कराने की फीस कितनी है?
- पासपोर्ट में एड्रेस बदलने के लिए पासपोर्ट रीइश्यू के लिए आवेदन करना पड़ता है. इसके लिए सरकार द्वारा तय फीस देनी होती है.
- 36 पेज वाले पासपोर्ट के लिए करीब 1500 रुपये फीस लगती है.
- 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए लगभग 2000 रुपये तक शुल्क देना होता है.
इस फीस का भुगतान आप ऑनलाइन आवेदन करते समय ही कर सकते है.
एड्रेस बदलवाने के लिए कौन से दस्तावेज चाहिए?
पासपोर्ट में नया पता दर्ज कराने के लिए आपको पहचान और पते से जुड़े कुछ वैध दस्तावेज देने होते हैं.आमतौर पर इन में से कोई एक दस्तावेज एड्रेस प्रूफ के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है:
- वोटर आईडी कार्ड
- आधार कार्ड
- बिजली या पानी का बिल
- किरायानामा (रेंट एग्रीमेंट)
- पिछले 1 साल का बैंक स्टेटमेंट
- एलपीजी गैस कनेक्शन का बिल
इन दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट में आपका नया पता अपडेट किया जा सकता है.
अगर आप किसी नए शहर में रहने लगे हैं, तो पासपोर्ट में पता अपडेट करते समय पुलिस वेरिफिकेशन भी हो सकता है.

