News Desk: दिन की अच्छी शुरुआत के लिए हेल्थी ब्रेकफास्ट बेहद जरूरी माना जाता है. यही वजह है कि आजकल लोग अपने मॉर्निंग डाइट में हेल्दी विकल्पों को ज्यादा महत्व देने लगे हैं. जब सेहतमंद नाश्ते की बात होती है, तो ओट्स और मूसली दोनों ही बेहतरीन विकल्प माने जाते हैं और कई लोगों की पहली पसंद भी बन चुके हैं.

हालांकि, अक्सर लोग ओट्स और मूसली को एक जैसा समझ लेते हैं. लेकिन पोषण, बनाने के तरीके और खाने के तरीके के मामले में इन दोनों के बीच कुछ अहम अंतर होते हैं. इसलिए सही जानकारी के साथ इनका चुनाव करना जरूरी है, ताकि शरीर को पूरा और संतुलित पोषण मिल सके.
फिटनेस के लिए क्यों खास है ओट्स?
ओट्स हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने वालों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.इसमें बीटा-ग्लूकन नाम का घुलनशील फाइबर पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है और अनावश्यक भूख को कम करता है.
रेगुलर ओट्स खाने से वजन कंट्रोल करने में मदद मिलती है. यह ब्लड शुगर को बैलेंस्ड रखने में मददगार होता है और दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. इसी वजह से फिटनेस और हेल्थ पर ध्यान देने वाले लोगों की डाइट में ओट्स अक्सर शामिल किया जाता है.
नाश्ते में क्या चुनें – ओट्स या म्यूसली?
म्यूसली
- कार्ब्स: 29 ग्राम
- कैलोरी: 179 किलो कैलोरी
- फाइबर: 2.5 ग्राम
- प्रोटीन: 3.8 ग्राम
- शुगर: 4.3 ग्राम
- फैट: 5.6 ग्राम
ओट्स
- कार्ब्स: 27.4 ग्राम
- कैलोरी: 163 किलो कैलोरी
- फाइबर: 4 ग्राम
- प्रोटीन: 4.7 ग्राम
- फैट: 3.8 ग्राम
- शुगर: 0–0.1 ग्राम
अगर कम शुगर और ज्यादा फाइबर वाला नाश्ता चाहते हैं तो ओट्स बेहतर माने जाते हैं, जबकि म्यूसली स्वाद और अतिरिक्त ऊर्जा के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है.
म्यूसली क्यों मानी जाती है एनर्जी से भरपूर ब्रेकफास्ट?
म्यूसली स्वाद और पोषण दोनों के मामले में अच्छा विकल्प मानी जाती है.इसका स्वाद ओट्स की तुलना में अधिक अच्छा लगता है, इसलिए कई लोग इसे नाश्ते में पसंद करते हैं.
यह खासतौर पर उन बच्चों के लिए फायदेमंद होती है जो दिनभर काफी एक्टिव रहते हैं और जिनके शरीर को ज्यादा एनर्जी की जरूरत होती है. म्यूसली में आमतौर पर मेवे और बीज मिलाए जाते हैं, जो इसे और ज्यादा पौष्टिक बनाते हैं.
इन मेवों और बीजों की वजह से म्यूसली में हेल्दी फैट, जरूरी विटामिन और कई अहम मिनरल्स अच्छी मात्रा में मिलते हैं, जो शरीर को ताकत और पोषण देने में मदद करते हैं.

