मां ब्रह्मचारिणी को लगाएं शक्कर का भोग, घर पर झटपट तैयार करें केसरिया कलाकंद

News Desk: चैत्र नवरात्र की शुरुआत 19 मार्च से हो चुकी है और दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है. देवी...

News Desk: चैत्र नवरात्र की शुरुआत 19 मार्च से हो चुकी है और दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है. देवी का यह रूप शांति, तप और सादगी का प्रतीक माना जाता है, जो भक्तों को संयम और धैर्य का संदेश देता है.

मान्यता है कि मां ब्रह्मचारिणी को शक्कर से बनी मिठाइयां बेहद प्रिय होती हैं. इस दिन शक्कर का भोग लगाने से सुख-समृद्धि और लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है. ऐसे में अगर आप भी इस खास मौके पर कुछ मीठा बनाना चाहते हैं, तो इंस्टेंट केसरिया पनीर कलाकंद एक बेहतरीन और आसान विकल्प हो सकता है.आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि:

केसरिया पनीर कलाकंद बनाने के लिए सामग्री

  • 250 ग्राम ताजा और अच्छे से मसल हुआ पनीर
  • 200 ग्राम कंडेंस्ड मिल्क
  • 2–3 बड़े चम्मच शक्कर (स्वाद अनुसार)
  • ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • 10–12 केसर के धागे (थोड़े दूध में भिगोए हुए)
  • सजाने के लिए कटे हुए पिस्ता और बादाम
  • इन आसान सामग्रियों से आप घर पर ही स्वादिष्ट और झटपट बनने वाला केसरिया कलाकंद तैयार कर सकते हैं.

केसरिया पनीर कलाकंद बनाने की विधि (स्टेप-बाय-स्टेप)

  • सबसे पहले ताजा पनीर को कद्दूकस करें या हाथों से अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि इसमें कोई बड़े टुकड़े न रहें.
  • अब एक भारी तले की कड़ाही में कंडेंस्ड मिल्क और पनीर डालें. (अगर कंडेंस्ड मिल्क नहीं है, तो पहले दूध को गाढ़ा करके इस्तेमाल करें)
  • इसमें स्वाद अनुसार शक्कर मिलाएं और मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं.
  • कुछ देर बाद मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा, इसे तब तक पकाएं जब तक यह कड़ाही के किनारे छोड़ने न लगे.
  • अब इसमें इलायची पाउडर और दूध में भीगा हुआ केसर डालकर अच्छी तरह मिला लें.
  • एक प्लेट या ट्रे को घी से चिकना करें और तैयार मिश्रण उसमें डालकर समान रूप से फैला दें.
  • ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम डालकर हल्का दबाएं.
  • इसे 2–3 घंटे के लिए ठंडा होने दें, ताकि कलाकंद अच्छी तरह सेट हो जाए.
  • सेट होने के बाद मनचाहे टुकड़ों में काट लें और ब्रह्मचारिणी को भोग लगाएं.

कुछ जरूरी टिप्स ध्यान रखें

सफाई और शुद्धता का ध्यान रखें: भोग के लिए मिठाई बनाते समय किचन और बर्तनों की साफ-सफाई पर खास ध्यान दें. बेहतर होगा कि ताजा और घर का बना पनीर इस्तेमाल करें.

चीनी संतुलित रखें: कंडेंस्ड मिल्क में पहले से मिठास होती है, इसलिए अलग से शक्कर डालते समय मात्रा का ध्यान रखें, ताकि मिठाई ज्यादा मीठी न हो जाए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *