NEWS DESK: अमरोहा के कोतवाली क्षेत्र के कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ही दुल्हन के लिए दो बारातें पहुंच गईं. दरअसल, मुरादाबाद निवासी पहले दूल्हे से मंगनी टूटने के बाद दुल्हन पक्ष ने संभल के दूसरे युवक से उसी तारीख पर शादी तय कर दी थी.
कार्ड बंटे थे पहले, दोनों पक्ष पहुंचे आमने-सामने
कार्ड पहले ही बंट चुके थे और सभी तैयारियां पूरी थीं, ऐसे में मुरादाबाद वाला दूल्हा भी अपनी बारात लेकर मौके पर पहुंच गया. दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से बैंक्वेट हॉल में तनाव का माहौल बन गया और कहासुनी शुरू हो गई.
पूरा मामला मुरादाबाद और संभल के दो दूल्हों के बीच उलझ गया था. जानकारी के अनुसार, दुल्हन की मंगनी पहले मुरादाबाद के एक युवक से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया. इसके बाद दुल्हन पक्ष ने यह रिश्ता तोड़कर संभल के युवक से शादी तय कर ली.
पुलिस पहुंची, दुल्हन की रजामंदी से हुआ निकाह
एक ही समय पर दो बारातों और दो दूल्हों को देखकर माहौल और ज्यादा गर्मा गया. स्थिति बिगड़ती देख दुल्हन पक्ष ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और तीनों पक्षों को समझाकर शांत कराया.
आखिरकार दुल्हन की रजामंदी को प्राथमिकता दी गई. संभल से आए दूल्हे के साथ सादगी से निकाह की रस्म पूरी कराई गई और शाम को दुल्हन की रुखसती हो गई. वहीं, मुरादाबाद से आए दूल्हे को बिना दुल्हन के ही अपनी बारात वापस ले जानी पड़ी.
