सड़क हादसे में घायल युवक की मौत के बाद फूटा गुस्सा, गिरिडीह-डुमरी मार्ग जाम, मंत्री के आश्वासन पर खुला रास्ता

Giridih: नगर थाना क्षेत्र के कोल्डीहा में बीते शुक्रवार को हुए सड़क हादसे ने सोमवार को तूल पकड़ लिया. हादसे में गंभीर...

Giridih: नगर थाना क्षेत्र के कोल्डीहा में बीते शुक्रवार को हुए सड़क हादसे ने सोमवार को तूल पकड़ लिया. हादसे में गंभीर रूप से घायल मो. नियाज अंसारी की इलाज के दौरान रविवार देर रात मौत हो गई. जैसे ही मौत की खबर इलाके में पहुंची, आक्रोशित लोगों ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को कोल्डीहा के पास जाम कर दिया.

घंटों जाम से यातायात ठप

सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन लोग मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे.

मंत्री के हस्तक्षेप से खुला जाम

करीब कई घंटों तक चले जाम के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू खुद मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से वार्ता की. मंत्री के आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका.

पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप

इस दौरान वार्ड पार्षद नूरुल होदा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वे नगर थाना आवेदन देने पहुंचे, तो वहां मौजूद एसआई विक्रम सिंह ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों को संबंधित एसआई को निलंबित करने और मामले के जांच अधिकारी को बदलने का निर्देश दिया.

Also Read: गिरिडीह: झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में मीरा कुमारी की जीत, अधिवक्ता समुदाय में खुशी

परिजनों का आरोप और घटना का विवरण

मृतक के परिजन मोईन अंसारी ने बताया कि नियाज अंसारी घर से सड़क की ओर निकले थे, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने रॉन्ग साइड से आकर उन्हें टक्कर मार दी. परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों ने बताया कि नियाज अंसारी अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके भरण-पोषण की चिंता अब परिवार को सता रही है.

मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आश्वासन दिया कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा. साथ ही बच्चों की पढ़ाई और परिवार की हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

मौके पर पहुंचे अधिकारी

मौके पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *