रांची: चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिन तक 10 लाख क्विंटल सरकार धान नहीं खरीद पाई. 31 मार्च तक सरकार ने 49 लाख 25 हजार क्विंटल ही धान की खरीदारी कर पाई. धान खरीद का लक्ष्य 60 लाख क्विंटल रखा गया था. वहीं चार जिलों में धान खरीद का आंकड़ा एक लाख क्विंटल भी नहीं पहुंच पाया है. इन जिलों में पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, साहेबगंज, पाकुड़, लोहरदगा और खूंटी शामिल हैं.
15 दिसंबर से शुरू हुई थी खरीदारी
राज्य सरकार ने 15 दिसंबर 2025 से धान की खरीदारी शुरू की थी. वित्तीय वर्ष 2025-26 में 60 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है. अब तक किसानों को धान खरीद के एवज में 811 करोड़ 14 लाख 84 हजार 116 रुपये का भुगतान हो चुका है. इसमें 24 करोड़ 34 लाख 81 हजार 54 रुपये प्रोत्साहन राशि भी शामिल है. इस वर्ष धान की खरीद 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है. पिछले वर्ष यह दर 2400 रुपये प्रति क्विंटल थी. राज्यभर में धान खरीद के लिए 801 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसानों से धान की खरीद की जा रही है.
पिछले वर्षों में धान खरीद की स्थिति
वित्तीय वर्ष 2022-23: लक्ष्य 60 लाख क्विंटल, खरीद 17.16 लाख क्विंटल (29%).
वित्तीय वर्ष 2023-24: लक्ष्य 60 लाख क्विंटल, खरीद 17.02 लाख क्विंटल (29%).
वित्तीय वर्ष 2024-25: लक्ष्य 60 लाख क्विंटल, खरीद 40.8 लाख क्विंटल (67%).
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: NTPC परियोजना के लिए भूमि मुआवजे में भारी बढ़ोतरी
