Palamu: पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीहार गांव के नवादा मोड़ के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई. इस आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों की पहचान पड़वा निवासी 42 वर्षीय ओमप्रकाश राम और मनातू के टिल्हा चक निवासी राम शरण दास के रूप में हुई है.

ये भी पढ़ें : रांची: कल्पना सोरेन ने किया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का उद्घाटन, कहा- व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई दिशा
ससुराल जाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, पड़वा निवासी ओमप्रकाश राम एक ही बाइक पर अपनी 11 वर्षीय पोती समेत तीन लोगों को बैठाकर अपने ससुराल चेतमा गांव जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और सभी लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए.
ये भी पढ़ें :
घायलों का एमएमसीएच में चल रहा इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने ओमप्रकाश राम और राम शरण दास को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायलों में राम शरण दास की पोती अनु कुमारी और पांकी के रनभरे गांव निवासी 25 वर्षीय विकास कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया. इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लोग सदमे में हैं.
