पलामू: पलामू जिला भाजपा कार्यालय में आज भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगोष्ठी में भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत में सांसद ने कार्यकर्ताओं के साथ छत पर पार्टी का झंडा फहराकर संगठन की मजबूती का संकल्प लिया.
जनधन योजना, उज्ज्वला और मेक इन इंडिया जैसी योजनाएं नए भारत की क्रांति
सभा को संबोधित करते हुए सांसद बी.डी. राम ने कहा कि आज भाजपा अगर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है, तो इसका पूरा श्रेय कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और लगन को जाता है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ अंत्योदय और सुशासन के मार्ग पर देश को आगे ले जा रही है. सांसद ने जनधन योजना, उज्ज्वला और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं को नए भारत की क्रांति बताया.
सांसद ने जोर देकर कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद और पंचनिष्ठा के सिद्धांतों पर अडिग है और इसका लक्ष्य भारत को फिर से ‘विश्व गुरु’ के पद पर आसीन करना है. इस गौरवशाली अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे जिन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की शपथ ली.
यह भी पढ़ें: चाय बागान की मिट्टी से शुरू हुई बदलाव की लहर, अब अपने हक के लिए खड़ा है असम : कल्पना
